*वाराणसी से सीधी ले जाई जा रही नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप मऊगंज पुलिस ने पकड़ी, तस्कर फरार*
मऊगंज। जिले की मऊगंज पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप बरामद की है। पुलिस ने वाहन से 7 बोरियों में भरी करीब 1600 शीशियां नशीली कफ सिरप जब्त की हैं। हालांकि पुलिस की घेराबंदी देखकर तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी मऊगंज राम सिंह को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन में नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप लेकर तस्कर उत्तर प्रदेश के वाराणसी क्षेत्र से सीधी जिले की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर गाड़ा ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की।
पुलिस की घेराबंदी देखकर वाहन चालक घबरा गया और स्कॉर्पियो को तेजी से भगाने के प्रयास में डिवाइडर से टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन में सवार तस्कर अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन उन्हें पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 7 बोरियों में रखी 1600 नशीली कफ सिरप की शीशियां मिलीं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। बरामद स्कॉर्पियो का नंबर MP 53 CA 0841 बताया गया है।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि फरार तस्करों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।