*अमकुई हत्याकांड का खुलासा, दोस्त ने ही की थी अतुल कुशवाहा की हत्या*
नागौद के जसो थाना अन्तर्गत अमकुई गांव में मिले 21 वर्षीय अतुल कुशवाहा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके दोस्त सुधीर उर्फ श्यामू नामदेव (19) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ऑनलाइन सेवा व फोटोकॉपी की दुकान संचालित करने वाला अतुल 1 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद लापता हो गया था। 2 अगस्त को गुमशुदगी दर्ज हुई, जबकि 4 अगस्त को उसका शव गांव के स्कूल के पीछे भठिया में मिला। पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते फुल्की खिलाने के बहाने अतुल को भठिया ले जाकर जीआई तार से गला घोंटने, शव झाड़ियों में छिपाने तथा मोबाइल व नगदी लेकर भागने की बात स्वीकार की। पुलिस ने जीआई तार, मोबाइल और नगदी बरामद कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।