*सतर्क नागरिक, तत्पर पुलिस: 152 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ आरोपी गिरफ्तार*
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत के निर्देशन में चलाए जा रहे नशे के विरुद्ध अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस अधीक्षक मैहर श्री अवधेश प्रताप सिंह के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी अमरपाटन निरीक्षक श्री विजय परस्ते के नेतृत्व में थाना अमरपाटन पुलिस द्वारा अवैध नशीली कफ सिरप के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
थाना अमरपाटन क्षेत्रांतर्गत ग्राम छैरहा पहाड़ कॉलोनी में ग्रामीणों की सतर्कता एवं सूचना पर अवैध नशीली कफ सिरप की तस्करी का मामला सामने आया।
दिनांक 27.08.2026 की रात्रि एक इको कार में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को ग्रामीणों ने ग्राम छैरहा में संदिग्ध अवस्था में देखा। कार की जांच करने पर उसके अंदर एक बोरी में आनरेक्स नशीली कफ सिरप रखी मिली।
ग्रामीणों ने कार सवार सुजीत पटेल पिता अच्छेलाल पटेल एवं उसके साथी एक नाबालिग बालक को घेरकर पकड़ लिया, जबकि उनके साथ मोटरसाइकिल से आए तीन अन्य संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर थाना अमरपाटन पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 152 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ कार क्रमांक MP18ZC9116, एक मोटरसाइकिल तथा मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग ₹5,90,628 है।
इस संबंध में थाना अमरपाटन में अपराध क्रमांक 472/2026, धारा 8, 20, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
आरोपी सुजीत पटेल पिता अच्छेलाल पटेल निवासी तिखवा थाना पपौंध जिला शहडोल को गिरफ्तार किया गया है। विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया तथा प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
*जनचौपाल से बढ़ रहा पुलिस-जनता का संवाद, मिल रही महत्वपूर्ण सूचनाएं*
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे जनचौपाल कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस एवं आमजन के मध्य स्थापित हो रहा सतत संवाद अब सकारात्मक परिणाम देने लगा है। जनचौपाल के माध्यम से नागरिकों में नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ी है तथा आमजन नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे बढ़कर पुलिस का सहयोग कर रहे हैं।
नागरिकों द्वारा नशे के सौदागरों एवं अवैध मादक पदार्थों के संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण सूचनाएं दी जा रही हैं, जिसके आधार पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जनता और पुलिस की इस सहभागिता से नशे के विरुद्ध अभियान को और अधिक मजबूती मिल रही है तथा समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।