शौचालय जाने का बहाना बनाकर दिया चकमा...
सतना। केंद्रीय जेल सतना में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा 52 वर्षीय बंदी अच्छेलाल प्रजापति, निवासी पडक्का अमरपाटन, मंगलवार दोपहर जेल से फरार हो गया। घटना करीब सुबह 11 से दोपहर 12 बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक अच्छेलाल जेल की गौशाला में ड्यूटी पर था। इसी दौरान उसने शौच जाने की बात कही और मंदिर के पास बने शौचालय की ओर चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा और जेल प्रबंधन को उसके फरार होने की जानकारी मिली।
जेल अधीक्षक लीना कोस्टा के अनुसार, फरार बंदी पिछले करीब 13 वर्षों से सजा काट रहा था और इससे पहले करीब 15 बार छुट्टी पर जा चुका था। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी।
मामले में कोलगवां थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर फरार बंदी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही फरार बंदी की तलाश में जुटी है।