सतना जिला के जीआरपी पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई मुंबई से प्रयागराज आते समय ट्रेन से हुई घटना मृतक का शव मिला नदी में पढे पूरी खबर

मृतक: धीरज पांडेय, निवासी: ग्राम प्रतापपुर कला, प्रयागराज (U.P.)
​विस्तृत केस डायरी (क्रमवार कार्यवाही)
​दिनांक 16/02/2026 को प्रार्थी पवन पांडेय (भाई) ने थाना उपस्थित होकर सूचना दी कि उनके बड़े भाई धीरज पांडेय, जो ट्रेन संख्या 22183 (साकेत एक्सप्रेस) से मुंबई से प्रयागराज जा रहे थे, रास्ते में कहीं लापता हो गए हैं। प्रार्थी ने बताया कि भाई से अंतिम बार मोबाइल पर बात होने पर उन्होंने अपनी लोकेशन कटनी स्टेशन के पास होना बताया था, जिसके बाद से उनका मोबाइल बंद हो गया। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गुम इंसान क्रमांक 02/2026 दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई और वरिष्ठ अधिकारियों (पुलिस अधीक्षक रेल एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों कोको तत्काल  घटना की सूचना दी गई।
​जांच के दौरान RPF पोस्ट सतना के स.उ.नि. अनिल राय व अन्य स्टाफ से संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि ट्रेन संख्या 22183 के यात्रियों ने सूचना दी थी कि एक व्यक्ति कटनी से सतना के बीच कहीं खंभे से टकराकर ट्रेन से नीचे गिर गया है। इस महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर तत्काल सक्रियता बरतते हुए कटनी से सतना के मध्य पड़ने वाले समस्त स्टेशन मास्टरों को व्यक्तिगत रूप से फोन कर जानकारी ली गई। साथ ही जी.आर.पी. कटनी, जिला पुलिस कंट्रोल रूम सतना व कटनी को सूचित कर प्रत्येक संभावित स्थान से जानकारी एकत्रित की गई। काफी प्रयासों के बाद भी जब कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला, तो पुलिस बल व उपलब्ध कर्मचारियों को रेलवे ट्रैक के किनारे पैदल सर्चिंग हेतु रवाना किया गया। टीम द्वारा रेलवे ट्रैक के दोनों ओर स्थित गहरी झाड़ियों, गड्ढों और दुर्गम स्थानों के अंदर घुसकर सघन तलाश की गई।
​जांच के दौरान जब अन्य कोई सुराग प्राप्त नहीं हो रहा था, तब तकनीकी साक्ष्यों और यात्रियों द्वारा बताए गए संभावित स्थान का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। इसमें यह संभावना दृष्टिगत हुई कि उक्त व्यक्ति सतना नदी रेलवे पुल के पास गिरा हो सकता है। इसी प्रबल संभावना के आधार पर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (DRDS) को पत्र लिखकर तत्काल कुशल गोताखोरों की टीम बुलाई गई। दिनांक 17/02/2026 को गोताखोरों व SDERF टीम द्वारा सतना नदी में मोटर बोट के माध्यम से सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप सफलता प्राप्त हुई और गुमशुदा धीरज पांडेय का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
​चूंकि घटनास्थल थाना सिटी कोतवाली सतना के क्षेत्राधिकार में आता था, किंतु आपातकालीन स्थिति और मानवीय दृष्टिकोण को प्राथमिकता देते हुए तत्काल मौके पर ही मर्ग क्रमांक 12/26 धारा 174 जा.फौ. की देहाती नालिसी लेख की गई। साक्षियों की उपस्थिति में शव पंचायतनामा की कार्यवाही की गई, जिसमें पाया गया कि शव चित्त अवस्था में था, शरीर पानी के कारण फूल चुका था और सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान थे। मृतक के पास से मिले एक सोने की चेन व एक सोने की अंगूठी को मौके पर ही साक्षियों के समक्ष उनके भाई पवन पांडेय को सुपुर्द कर पावती प्राप्त की गई।​इसके पश्चात, मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय सतना भेजा गया, जहाँ डॉ. शरद दुबे द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। कार्यवाही उपरांत मृतक के शव को अंतिम संस्कार हेतु परिजनों के सुपुर्द किया गया और संवेदनशीलता पूर्वक प्राइवेट एंबुलेंस की व्यवस्था कर शव को उनके गृह ग्राम हेतु रवाना किया गया। मामले की संपूर्ण जांच व साक्ष्यों के आधार पर घटनास्थल थाना सिटी कोतवाली का होने के कारण, अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु यह विस्तृत केस डायरी तैयार कर असल मर्ग डायरी हस्तांतरण की कार्यवाही की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form