*न्यू रामनगर में नगर परिषद आउटसोर्स कर्मचारियों का क्रमिक अनशन तीसरे दिन भी जारी, पूर्व राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल ने दिया खुला समर्थन*
न्यू रामनगर (मध्य प्रदेश), 18 जनवरी 2026: नगर परिषद न्यू रामनगर के 140 कर्मचारियों को आउटसोर्स किए जाने के विरोध में क्रमिक भूख हड़ताल काम बन्द आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के बैनर तले चल रहे इस अनशन में कर्मचारी आउटसोर्स के विरोध में डटे हुए है और अवैधानिक आउटसोर्सिंग को निरस्त कराने की मांग को लेकर अडिग हैं और भूख हड़ताल पर डटे हुए हैं।
कर्मचारियों का आरोप है कि राज्य सरकार ने कैबिनेट में विचार-विमर्श के बाद सभी ऐसे कर्मचारियों को नियमित करने का आदेश जारी कर दिया है
, लेकिन नगर परिषद के अधिकारी लखनलाल ताम्रकार ने इन आदेशों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। 10 वर्ष से अधिक सेवा दे चुके इन कर्मचारियों की सेवाएं अचानक समाप्त कर आउटसोर्स में डाल दी गईं, जिसे कर्मचारी "बड़ी शर्मनाक और अन्यायपूर्ण" कार्रवाई करार दे रहे हैं।
इस बीच, पूर्व राज्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता श्री रामखेलावन पटेल ने विशेष रूप से अनशन स्थल (थाना चौराहा) पहुंचकर कर्मचारियों का जोरदार समर्थन किया।
"यह पूर्णतः अन्याय है। मैं शीघ्र ही माननीय मुख्यमंत्री जी एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजय बरगी से मुलाकात कर कर्मचारियों की पीड़ा उनके समक्ष रखूंगा तथा उनके पक्ष में तत्काल आदेश जारी करवाने का हर संभव प्रयास करूंगा।"
पूर्व मंत्री ने मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रमाकांत मिश्रा से विस्तृत चर्चा की, सभी मांगों को पूरी तरह उचित ठहराया और आश्वासन दिया कि सरकार इन पर सकारात्मक विचार करेगी। उन्होंने संघ के पदाधिकारियों और अनशनरत सभी कर्मचारियों का भी धन्यवाद किया।