*सांदीपनि विद्यालय रामनगर में मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान, बोर्ड परीक्षा 2026 के टॉप-5 विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
रामनगर स्थित सांदीपनि विद्यालय में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह शिक्षा, प्रेरणा और उपलब्धियों का उत्सव बन गया। कार्यक्रम में वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के टॉप-5 मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए कहा कि आज सम्मानित होने वाले विद्यार्थी आने वाले समय में जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता पंकज सिंह परिहार, सांसद प्रतिनिधि कालिका प्रसाद पटेल,बीईओ राजेश द्विवेदी, बीआरसी चंद्र प्रताप शुक्ला, सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य सुग्रीव बिसेन, देवराजनगर प्राचार्य शिवेंद्र वर्मा सहित शिक्षक डॉ. वासदेव तिवारी, रामचरण साहू, उमेश पटेल, रूपेश नामदेव, अनंत भट्ट, राकीमुद्दीन सिद्दीकी, सीलू चौरसिया, चेतना कुशवाहा, राममित्र कुशवाहा, देवेंद्र बहादुर सिंह, अनिल चतुर्वेदी एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों की भी सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा, जबकि पूरे कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन उच्च माध्यमिक शिक्षक (अंग्रेजी) रामरहीश यादव ने किया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सम्मानित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।