*ए. के.एस. विश्वविद्यालय में आद्य शंकराचार्य प्रकटोत्सव पर अद्वैत-वेदान्त पर कार्यशाला*
श्रुतिस्मृति पुराणानाम् आलयं करुणालयम्...। इस श्लोक से दिव्यानुभूत विंध्य की धरा पर वैशाख शुक्ल पंचमी, अभिजीत मुहूर्त, 21 अप्रैल आद्य शंकराचार्य के प्रकट उत्सव पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास, भोपाल द्वारा आयोजित अद्वैत जागरण युवा शिविर के संबंध में ए. के. एस. विश्वविद्यालय, सतना में आदरणीय श्री अमित कुमार सोनी जी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के साथ चर्चाएँ हुई।
मंगलाचरण से कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए शंकरदूत उद्देश्य तिवारी ने बालक शंकर से आचार्य शंकर बनने की यात्रा का वर्णन किया। युवाओं को अद्वैत-वेदान्त की नितांत आवश्यकता की ओर उन्मुखीकरण किया। एकात्म धाम, ओंकारेश्वर (आदि शंकर की दीक्षास्थली) की लघु फिल्म के दृश्यों को दिखाते हुए मानव जाति का मूल उद्देश्य मोक्ष(परमपद) की प्राप्ति का मार्ग बताया। आदिशंकर के प्रेरक प्रसंग, वाणी, रचनाएँ और सबका एक ही धर्म है - सनातन धर्म। यह अद्वैत की कसौटी को पूर्ण करने में सहायक है। सहजता स्वरूप विद्यार्थिगणों ने इसमें सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने प्रश्नों को बडी ही जिज्ञासा के साथ पूछा।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे उद्देश्य तिवारी ने अद्वैत जागरण युवा शिविर व अद्वैत युवा नेतृत्व कार्यक्रम के बारे में विद्यार्थियों संग विस्तृत चर्चा की। आचार्य शंकर रचित - तोटाष्टकम् व नर्मदाष्टकम् के छन्दों का सस्वर वाचन किया। इस 10 दिवसीय शिविर की दिनचर्या, व्यवस्थित जीवनशैली, योगाभ्यास, सात्विक भोजन, अनुशासन एवं आध्यात्मिक गतिविधियों की जानकारी से अवगत कराया। न्यास के आनलाइन व आफलाइन कार्यक्रमों में - शंकर संगीत, रसो वै सः, अथातो ब्रह्म जिज्ञासा, प्रेरणा संवाद, एकात्म संवाद, प्रज्ञानं ब्रह्म, आनन्दं ब्रह्म व शंकर व्याख्यानमाला आदि की जानकारी दी। शान्तिपाठ के पश्चात् कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
बता दें कि उद्देश्य तिवारी ने 21 फरवरी से 2 मार्च, 2024, शिविर रिषि चैतन्य आश्रम, हरियाणा में आनन्दमूर्ति गुरुमाँ के सान्निध्य में प्राप्त किया। न्यास की ओर से दीक्षित होकर अब ये 'शंकरदूत' के नाम से जाने जाते हैं और अद्वैत-वेदांत का प्रचार-प्रसार आमजन के बीच में कर रहे हैं।
हाल ही में उद्देश्य ने तीन कार्यशाला का आयोजन - शासकीय महाविद्यालय उँचेहरा, पीएम डिग्री कालेज सतना व शासकीय कन्या कालेज, सतना आदि जगहों पर किया है। अधिक जानकारी के लिए www.oneness.org.in पर विजिट करें।