*मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर रामनगर नगर परिषद में आयोजित
------
*57 आवेदन प्राप्त, 9 हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि योजना का पात्रता पत्र वितरित*
मैहर, 16 अक्टूबर। मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर का आयोजन शुक्रवार को रामनगर नगर परिषद में सांसद श्री गणेश सिंह, कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामखेलावन कोल की उपस्थिति में हुआ। शिविर में एडीएम श्री रोशन राय, एसडीएम श्री एसपी मिश्रा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती दीपा मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य, गणमान्य नागरिक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद श्री सिंह ने शिविर में नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी प्रदान की। सांसद श्री सिंह और कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने शिविर में प्राप्त 57 आवेदनों को ध्यानपूर्वक सुना और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
रामनगर के एक हितग्राही ने बताया कि विद्युत विभाग में मीटर खराब होने की सूचना पूर्व में दी गई थी, जांच में मीटर रीडिंग अधिक पाई गई और विद्युत बिल अधिक राशि का आ रहा है। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारी को तत्काल कार्यवाही का निर्देश देकर नागरिक को उचित लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए।
ग्राम कर्रा के प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही ने बताया कि सर्वे के बावजूद आवास का लाभ नहीं मिला है। इस पर कलेक्टर ने जांच कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत गैलहरी के निवासी ने बताया कि फर्जी निवास प्रमाण-पत्र के आधार पर भेड़रा आंगनवाड़ी केंद्र में भर्ती की गई है। कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने इसकी जांच के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारी को दिए।
कार्यक्रम के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत श्री विष्णु दास मिश्रा, श्रीमती शुभद्रा यादव, श्री अशोक साहू, श्रीमती आशा चौरसिया, श्रीमती उषा पटेल, श्री शुभम कुशवाहा, श्री पप्पू बंसल, श्री राजेंद्र विश्वकर्मा और श्री मोहम्मद इन्साफ को पात्रता पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा संबल योजना के अंतर्गत श्रीमती संगीता कोल, श्रीमती खुशी नामदेव, श्री शुभम नामदेव, श्री मनीष बुनकर सहित अन्य हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।