*रीवा के संजय गांधी अस्पताल में सफाईकर्मी के बेटे ने चौथी मंजिल से लगाई छलांग, नीचे मौजूद लोगों ने थामा, गंभीर हालत में उपचार जारी*
*काफी देर तक ऊपरी मंजिल पर खड़ा रहा अर्जुन, लोगों के समझाने के बाद भी नहीं माना, पुलिस कूदने की वजह तलाश रही*
रीवा। रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज से संबद्ध संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अर्जुन नाम के युवक ने अस्पताल की करीब चार मंजिल की ऊंचाई से छलांग लगा दी। घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
*काफी देर तक खड़ा रहा, लोगों ने रोका पर नहीं माना*
जानकारी के अनुसार, अर्जुन किसी तरह अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर पहुंच गया था। उसे छलांग लगाने की स्थिति में देखकर वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। नीचे खड़े लोगों ने चिल्लाकर उसे समझाने और रोकने की कोशिश की। अस्पताल के कर्मचारी भी उसे आवाज लगाते रहे। वह काफी देर तक ऊपरी मंजिल की मुंडेर पर खड़ा रहा, लेकिन किसी की नहीं सुनी और अचानक उसने छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों और अस्पताल कर्मचारियों ने युवक को तुरंत संभाला।
*मां अस्पताल में करती है सफाईकर्मी का काम*
बताया जा रहा है कि अर्जुन की मां संजय गांधी अस्पताल में ही सफाईकर्मी के पद पर पदस्थ है। घटना के समय वह अस्पताल में ही ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान उनके बेटे ने यह खतरनाक कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही वह बदहवास होकर मौके पर पहुंचीं। अस्पताल के अन्य कर्मचारी भी तुरंत मौके पर पहुंच गए और घायल को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया।
*हालत गंभीर, वजह अज्ञात*
युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। संजय गांधी अस्पताल में ही उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।
*पुलिस जांच में जुटी*
युवक ने बिल्डिंग से कूदने का यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बयान ले रही है। प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।