नशे के खिलाफ आईजी रीवा गौरव राजपूत का बड़ा एक्शन, लग्जरी कार से भारी मात्रा में मेडिकल नशा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
रीवा। रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गौरव राजपूत के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरकरण सिंह के मार्गदर्शन में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार-2' और जन चौपाल अभियान का असर लगातार दिखाई दे रहा है। इसी कड़ी में सोहागी पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीला कफ सिरप बरामद किया है।
पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में यूपी से रीवा की ओर लाई जा रही खेप को पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान होंडा सिटी कार (क्रमांक MP-19-CB-1521) से बड़ी मात्रा में मेडिकल नशे में इस्तेमाल होने वाला कफ सिरप जब्त किया गया। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि नशीले कफ सिरप की यह खेप रीवा क्षेत्र में खपाने की तैयारी थी। पुलिस जब्त दवाइयों की मात्रा, बाजार मूल्य और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।
आईजी गौरव राजपूत ने स्पष्ट किया है कि रीवा रेंज में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
— बबलू रजक
दैनिक हरिभूमि, जिला